लखनऊ। केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (क्वीनमेरी) में रविवार को इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटौंजा में सिजेरियन प्रसव के बाद यहां लाया गया था।
इटौंजा के पृथ्वीपुर गांव निवासी मजदूर मनोज कुमार रावत ने बताया कि पत्नी रिंकी रावत (28) को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार सुबह इटौंजा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। यहां ऑपरेशन से बेटे का जन्म हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत रिंकी को क्वीन मेरी ले जाने की सलाह दी। रविवार सुबह घरवाले उसे लेकर क्वीन मेरी आए। यहां उसे ड्रिप के माध्यम से इंजेक्शन चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद घरवालों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह से कोई सीनियर डॉक्टर उसे देखने नहीं आया था। वहीं, केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह का कहना है कि लापरवाही का आरोप गलत है। अगर लिखित शिकायत आती है तो जांच कराई जाएगी।