मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस दिशा में जमीनी हकीकत जानने के लिए अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने गौतमबुद्धनगर, बांदा, झांसी व जालौन का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने बांदा में कलिंजर किले के टूरिस्ट पुलिस थाना व गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर 20 का औचक निरीक्षण किया। बांदा पुलिस की नई पहल गुडमार्निंग पुलिसिंग की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रदेश में लागू करने के पर शासन की ओर से विचार किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि एंटी रोमियो दस्ते को प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को शरीर पर लगाए जा सकने वाले कैमरे दिए जाएंगे। वहीं जालौन में महिला पुलिसकर्मियों को शरीर पर लगाए जा सकने वाले कैमरे देकर इसकी शुरुआत की गई।
निरीक्षण के दौरान जन सुनवाई को और प्रभावी बनाने, पुलिस बल को बेहतर संसाधन व सुविधाएं देने और अपराध पर नियंत्रण आदि पर फीडबैक भी लिया गया।