राजधानी की प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना के बारे में अधिक जानकारी वेबसाइट पर मिलेगी। वेबसाइट बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (यूपीईएल) को। इसके लिए यूपीईएल जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।
लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमएआरसी) के गठन के साथ ही वेबसाइट लॉन्च करने की योजना है। इसमें मेट्रो से जुड़ी तमाम छोटी-बड़ी जानकारियां नागरिकों को मिलेंगी।
प्रत्येक मेट्रो निर्माण करने वाले स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) के लिए वेबसाइट होना अनिवार्य है।
अब मेट्रो सेल ने भी इसकी कवायद शुरू कर दी है। मेट्रो सेल के चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने बताया कि हमने अपनी वेबसाइट बनाने की जिम्मेदारी यूपीईएल को सौंपी है।
इस साइट में जनता से जुड़े मुद्दे जैसे अलाइनमेंट, तमाम नीतियां और कैरियर जैसी जानकारियां दी जाएंगी। इसके अलावा बिजनेस विकल्प भी दिया गया है। इसमें कंसल्टेंसी, टेंडर और अन्य जानकारियां होंगी।
इसके अलावा आधिकारिक विकल्प में एलएमआरसी के गठन, उसके स्वरूप और बोर्ड मीटिंग आदि से जुड़ीं जानकारियां दी जाएंगी। राजीव अग्रवाल ने बताया कि एलएमआरसी के साथ ही वेबसाइट भी गठित कर दी जाएगी।
एलडीए की वेबसाइट पर मेट्रो डीपीआर
राजीव अग्रवाल ने बताया कि मेट्रो की डीपीआर को अब एलडीए और आवास विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
ताकि आम लोग मेट्रो से जुड़ी तमाम जानकारियों को खुद पढ़ सकें। लगभग 700 पेज की ये डीपीआर वेबसाइट के माध्यम से लोग डाउनलोड भी कर सकेंगे। यह काम अगले कुछ दिनों में करा दिया जाएगा।