सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंचे योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा विधायक दल के नेता योगी आदित्यनाथ ने वचन दिया है कि वह बिना रुके, बिना डिगे और बिना थके पांच वर्ष तक समर्पित भाव से प्रदेश की जनता की सेवा करेंगे। उनकी सरकार ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए आगामी पांच वर्ष में यूपी को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाएगी।
भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद लोकभवन में विधायकों को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों ने चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया। लेकिन जनता ने वंशवाद, जातिवाद की संकीर्ण राजनीति को छोड़कर सुशासन और राष्ट्रवाद को अपना समर्थन देकर दुष्प्रचार को नकार दिया।
अब स्वयं से प्रतिस्पर्धा शुरू होगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार के पहले कार्यकाल में कुशासन से सुशासन स्थापित करने के लिए प्रतिस्पर्धा थी। लेकिन अब सुशासन को और भी सुदृढ़ करने के लिए क्या करना चाहिए इसकी प्रतिस्पर्धा है। योगी ने कहा कि अब स्वयं से प्रतिस्पर्धा का दौर शुरू होगा। उसके लिए सभी को तैयार रहना होगा।
सतर्क रहकर आगे बढ़ना होगा
योगी ने कहा कि यह एक बड़ी जिम्मदारी है, सत्ता प्राप्त करने एक प्रतिष्ठा का विषय नहीं हम सभी को परीक्षा के दौर से आगे बढ़ने के लिए भी सतर्क रहने के लिए प्रेरित करता है। यह परीक्षा के जनता जनार्दन की अदालत में खड़े होकर सफल होकर आए हैं
हम तो अनगढ़ थे...
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में जब उन्होंने सत्ता संभाली तब वह अनगढ़ थे। योगी ने कहा कि 2017 में जब उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया तब उनके पास कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं था ना ही शासन के किसी दायित्व का अनुभव था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष एवं मौजूदा गृहमंत्री अमित शाह के सहयोग और टीम वर्क से ही यह संभव हुआ है कि यूपी देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बना। पहले जहां यूपी में केंदर सरकार की योजनाओं को लागू नहीं किया जाता था वहीं अब करीब 50 योजनाओं में यूपी नंबर एक पर है। यूपी की विकास यात्रा का यह अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मागदर्शन में ही आगे बढ़ सका है।
जनता की अपेक्षा पूर्ति के लिए सेवक के रूप में काम करें
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और आस्था का सम्मान करने के लिए बहुत कुछ हासिल करना बाकी है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षा की पूर्ति के लिए टीमवर्क से सेवक के रूप में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हम जनता के कस्टोडियन के रूप में काम करेंगे। पार्टी ने जो व्यवस्था दी है उसी के अनुसार अपना योगदान देंगे।
योगी आदित्यनाथ को चुना गया विधायक दल का नेता
- फोटो : अमर उजाला
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि योगी सरकार के पांच वर्ष के शासन में परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण जैसे लोकतंत्र के तीन नासूरों को समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनाव परिणाम ने सिद्ध कर दिया कि प्रदेश की जनता अब परिवारवाद और जातिवाद को नहीं बल्कि पोलिटिक्स ऑफ परर्फोमेंस को मानती है।
भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की योजनाओं को आगे पहुंचाना ही कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही यह चुनाव परिणाम आया है। उन्होंने कहा कि यूपी के विकास की मजबूत नींव डालने का काम पिछले पांच वर्ष में हुआ है, उस पर भव्य ईमारत बनाने का काम आगे पांच वर्ष में करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा काम करेगा जिससे यूपी के इतिहास में पांच वर्ष स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाएंगे।
गृहमंत्री शाह की नसीहत, पार्टी सबसे ऊपर होती है
गृहमंत्री अमित शाह ने विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि याद रखें कि पार्टी सबसे ऊपर होती है। पार्टी की नीतियों को लेकर ही लोकप्रियता का सृजन करती है। सरकार के कार्यक्रम ही नेतृत्व को लोकप्रिय बनाते हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल में यूपी के विकास की नींव डालने का जो काम किया है उस पर भव्य ईमारत खड़ी करनी है। उन्होंने कहा कि आगे के पांच वर्ष यूपी के खोए हुए गौरव को वापस दिलाने और यूपी को देश का नंबर एक राज्य बनाने वाले है। उन्होंने कहा कि इसी सभागार से बदलाव, विकास, सुरक्षा, समृद्धि की बुलंद ईमारत बनाने की यात्रा शुरू हो रही है। गरीब और युवाओं, बेटियों के आशाओं और सपनों की यात्रा को भी पूरा करने का काम सरकार को करना है। उन्होंने कहा कि संकल्प लेना होगा कि यूपी को नंबर एक अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाएं।
राजनीति का अपराधीकरण रोकना सबसे बड़ी सफलता
शाह ने कहा कि यूपी में 2017 से पहले कई सालों तक मूल्यों और राजनीतिक विचारधारा का क्षरण होता रहा। उन्होंने कहा कि यूपी में सालों तक राजनीतिक अस्थिरता का माहौल था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद को बढ़ावा दिया जाता था। शासन का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण होता रहा। पिछली सरकारों में जातिवाद, भ्रष्टाचार के कारण केंद्र सरकार की योजनाएं धरातल पर लागू नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सबसे बड़ी सफलता है कि राजनीति का अपराधीकरण और शासन का राजनीतिकरण बंद किया है। उन्होंने कहा कि 2017 से 2022 तक योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कैबिनेट के फैसलों और संविधान के अनुसार सरकार चली है। सरकार ने बिना किसी भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ सभी वर्र्गों को पहुंचाया है। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यूपी में एतिहासिक बदलाव की शुरुआत हुई है।