उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हुई बूंदाबांदी और तेज हवाओं के जोर से पूर्वी और तराई हिस्सों में मौसम एकदम से बदल गया है। गर्म हवा और लू के थपेड़ों से निजात मिलने के साथ ही मौसम सुहाना हो गया है। तराई के इलाकों में सुबह-शाम बूंदाबांदी के बाद ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से काफी राहत मिली। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक कि गिरावट देखने को मिली है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मई की शुरुआत में ही एक नया शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी संभागों को अपनी गिरफ्त में लेगा। दो से चार मई के बीच दोनों संभागों में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। इसके असर से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। हीट वेव से कुछ दिन और राहत मिलेगी।
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाकों में गरज चमक संग वज्रपात की संभावना है।