काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का रेला
- फोटो : उज्जवल गुप्ता
बाबा भोलेनाथ के त्रिशूल पर विराजमान काशी में वर्ष 2013 में 52 लाख 51 हजार पर्यटक आए थे। जबकि वर्ष 2023 में 10 करोड़ 18 लाख से अधिक लोग आए हैं। यानी 9 करोड़ 66 लाख 16 हजार पर्यटक बढ़े हैं। 10 वर्षों में लगभग 20 प्रतिशत है। इस अप्रत्याशित वृद्धि का मूल कारण काशी विश्वनाथ कॉरिडोर है। देश ही नहीं प्रदेश के कोने-कोने से काफी संख्या में लोग यहां दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। पर्यटन विभाग यहां काफी मूलभूत सुविधाओं का विकास कर रहा है।
मथुरा में साढ़े चार करोड़ बढ़े पर्यटक
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में वर्ष 2013 में 3 करोड़ 20 लाख पर्यटक आए थे। वर्ष 2023 में 7 करोड़ 79 लाख पर्यटक आए थे। इस तरह 10 वर्षों में 4 करोड़ 58 लाख पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। दूसरी तरफ पर्यटन विभाग पर्यटकों को आकर्षित करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर में क्रूज का संचालन हो रहा है। मथुरा समेत कई अन्य स्थलों की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अयोध्या, दुधवा समेत अन्य स्थलों पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है।
यूपी असीम संभावनाओं वाला राज्यः जयवीर सिंह
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। अभी हम घरेलू पर्यटन के मामले में पहले स्थान पर हैं। विदेशी पर्यटकों के मामले में भी यह उपलब्धि हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। सभी को इसका लाभ भी मिल रहा है।