समाजवादी पार्टी की ओर से एक्स पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी शनिवार को समर्थकों के साथ हजरतगंज थाने पहुंचे। उन्होंने एसीपी विकास जायसवाल को तहरीर देकर एफआईआर की मांग की।
एसीपी के मुताबिक तहरीर के आधार पर एक्स अकाउंट हैंडलर समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महानगर अध्यक्ष के मुताबिक एक्स पर पोस्ट के माध्यम से घोर आपत्तिजनक बात कही गई है, जो सपा के महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। यह अनर्गल टिप्पणी ब्राह्मण समाज के प्रति सपा की कुत्सित भावना को उजागर करता है। इस पोस्ट से सपा ने जातीय व्यमनस्यता फैलाकर लोक शांति भंग किया है।
यह ट्वीट समाज में विध्वंसक, विघटनकारी, अलगाववादी क्रिया कलाप बढ़ाने के लिए किया गया है। आरोप है कि एक्स पर अभियान चलाकर सम्मानित हस्ती को अपमानित करके देश की एकता पर प्रहार किया गया है। महानगर अध्यक्ष का कहना है कि समाजवादी पार्टी आपराधिक मानसिकता वाली है। आरोप है कि इस आपत्तिजनक पोस्ट के पीछे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य की संलिप्तता है। इसके पहले भी सपा के एक्स हैंडल से आपत्तिजनक पोस्ट कई बार किया जाता रहा है। इसको लेकर एफआईआर भी हुई थी।