यूपी पुलिस के जो पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक रील या अन्य कोई कंटेंट डालते हैं तो अब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने इस संबंध में पुलिस आयुक्तों, एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, एसएसपी व एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जिसमें यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 को सख्ती से लागू करने को कहा गया है।
दरअसल, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सैकड़ों पुलिसकर्मी रील आदि पोस्ट कर रहे हैं। इसमें तमाम आपत्तिजनक पोस्ट भी शामिल रहती हैं। अधिकतर पुलिसकर्मी वर्दी में रील बना रहे हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि आपत्तिजनक सामग्री वायरल होने से न सिर्फ शासकीय कार्य प्रभावित होते हैं, बल्कि यूपी पुलिस की छवि भी खराब हो रही है। इसलिए ऐसे पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हर महीने कार्रवाई का देना होगा ब्योरा
विभाग से एक पूरा प्रपत्र दिया गया है। जिसमें प्रत्येक जिला पुलिस की तरफ से हर महीने सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों का ब्योरा भरना होगा। इसमें बताना होगा कि क्या कार्रवाई की गई। यह रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी। लापरवाही बरतने पर जिम्मेदार अफसर की जवाबदेही तय की जाएगी।
सिपाही हों या अफसर... सबको है रील की खुमारी
सोशल मीडिया की खुमारी सिपाही से लेकर कई अफसरों तक छाई है। ये सभी वर्दी में रील बनाकर पोस्ट करते हैं। कई पुलिसकर्मियों व अधिकारियों के लाखों में फॉलोअर हैं। जो वहां से कमाई भी कर रहे हैं।