आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा को मोबाइल पर पेपर लीक कराने का प्रलोभन देकर अशोभनीय बातें करने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेजा दिया है। पुलिस ने विवि में शिक्षक का कमरा खंगाला और उसके लैपटॉप व मोबाइल भी कब्जे में ले लिए हैं। माना जा रहा है कि कुलपति के निर्देश पर मामले की जांच कर रही इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (आईसीसी) की रिपोर्ट आने के बाद शिक्षक पर सोमवार तक निलंबन की गाज गिर सकती है।
लखनऊ विवि के जंतु विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह और बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा के बीच बातचीत का एक ऑडियो शुक्रवार को वायरल हुआ था। इस वीडियो में डॉ. परमजीत छात्रा से कह रहे थे कि उन्होंने उसके लिए दो पेपर लीक करा दिए हैं, आकर मुझसे मिलो। फोन पर हुई वार्ता के वायरल ऑडियो ने शुक्रवार को हड़कंप मचा दिया था।
नाराज छात्रों ने शाम से लेकर रात तक विवि में प्रॉक्टर कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया। लविवि के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की ओर से हसनगंज थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपीशिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था।
शनिवार को पुलिस ने शिक्षक के कमरे की गहन तलाशी ली और उसका लैपटॉप व मोबाइल जब्त कर लिया। शिक्षक का कमरा भी सील कर दिया गया। शनिवार शाम तक आईसीसी की जांच रिपोर्ट नहीं आई थी। माना जा रहा है कि रविवार को अवकाश के चलते सोमवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी इस मामले में कठोर कार्रवाई कर सकते हैं। आरोपी शिक्षक पर निलंबन की गाज गिर सकती है।