यूपी की सबसे बड़ी आपातकालीन सेवा यूपी 100 रविवार को तकनीकी कारणों से ठप हो गई। इससे अचानक यूपी 100 पर कॉल लगनी बंद हो गई। लिहाजा लोगों को पुलिस से संबंधित आपातकालीन सेवा मिलनी बंद हो गई। हालांकि इंजीनियरों ने लगभग सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद यूपी 100 सेवा को बहाल कर दिया।
एक अधिकारी की मानें तो रविवार को पीक आवर में 10 से 12 हजार कालें आती हैं। यह पीक ऑवर्स शाम पांच बजे से रात 10 बजे के बीच रहता है। ठीक इसी बीच यूपी 100 सेवा ठप हो गई। सूत्रों का कहना है कि स्थानीय इंजीनियरों ने सेवा बहाल करने की कोशिश शुरू की। आधे घंटे की मशक्कत के बाद भी जब सेवा बहाल नहीं हो पाई तो यूपी 100 की ओर से शाम 5.35 बजे ट्विटर पर बताया गया कि तकनीकी कारणों से सेवा बाधित है।
पुलिस सहायता के लिए 1073 पर डायल करें। अचानक जब जिले की 1073 सेवा जो यातायात सेवाओं के लिए है, पर लोड बढ़ा तो वह भी ठप हो गई। सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम सवा सात बजे सेवा को बहाल किया जा सका। उधर, सूत्रों ने बताया कि रविवार होने की वजह से यूपी 100 के अधिकतर अधिकारी छुट्टी मना रहे थे। इसलिए 24 घंटे की सेवा के ठप होने के बावजूद कोई बड़ा जिम्मेदार अफसर यूपी 100 के कंट्रोल रूम नहीं पहुंचा।