यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अब चुनावी एजेंडे और संगठनात्मक रणनीति को धार देने जा रही है। इसके लिए 3 और 4 अक्तूबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक प्रस्तावित हैं। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कई कैबिनेट मंत्रियों को दो दिन कोई कार्यक्रम नहीं रखने को कहा गया है। इससे भी साफ है कि इस प्रस्तावित बैठक में सरकार, संगठन और संघ के अलावा प्रदेश के कई बड़े मंत्रियों की भी मौजूदगी रहेगी। बैठक में भाजपा के सामने प्रमुख चुनौतियों के निपटने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और मतदाता संपर्क बढ़ाने समेत चुनावी तैयारियों पर मंथन होगा।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ आरएसएस के प्रचारक भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार प्रदेश संगठन की नई टीम के साथ इस स्तर पर रणनीतिक चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रवार संगठन की स्थिति की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को लेकर कार्ययोजना तैयार की जा सकती है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने तथा उन्हें जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर भी चर्चा संभावित है।