प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के जूता-मोजा, ड्रेस, बैग आदि के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री ने पैसा डीबीटी किया है। अब स्कूल स्तर पर इस पैसे के सदुपयोग की प्रक्रिया शुरू हुई है। शासन ने बीएसए व बीईओ को सभी अभिभावकों से संपर्क कर डीबीटी का पैसा निर्धारित सामग्री खरीदने व ड्रेस में ही बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजने के लिए कहा है। इन बच्चों की फुल ड्रेस, बैग के साथ फोटो भी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1.91 करोड़ बच्चों को यूनिफार्म, जूता-मोजा, बैग व स्कूल सामग्री खरीदने के लिए 2300 करोड़ रुपये डीबीटी किए हैं। इसमें प्रति बच्चे के अभिभावक के खाते में 1200 रुपये भेजे गए हैं। अब शासन ने निर्देश दिया है कि प्रधानाचार्य व शिक्षक बच्चों की फुल ड्रेस फोटो प्रेरणा डीबीटी मोबाइल ऐप के माध्यम से अपलोड करें। डीबीटी से निर्धारित सामग्री खरीदने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए।
मां समूह, स्वयं सहायता समूह व अन्य संगठनों की ओर से अभिभावकों से चर्चा कर बच्चों को प्रतिदिन यूनिफार्म में विद्यालय भेजना सुनिश्चित किया जाए। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने कहा है कि नामांकित बच्चों व उनके अभिभावकों के आधार बनवाएं। जिनके आधार का सत्यापन नहीं हुआ है, वह कराया जाए। जिन अभिभावकों के खाते में पैसा नहीं आया है, उनके खातों का आधार से लिंक कराया जाए।
नामांकन कम, संख्या बढ़ाई जाए
महानिदेशक ने कहा है कि गत वर्ष की अपेक्षा कक्षा एक व छह में नामांकन कम है। सभी छह से 14 साल के बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराया जाए। पिछले सत्र की अपेक्षा इस बार प्रेरणा पोर्टल पर पंजीकृत बच्चों की संख्या कम है। बच्चों का पंजीकरण भी प्रेरणा पोर्टल पर बढ़ाया जाए।