अस्पताल में घायल पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमला करने वाले बंदी विश्वास राजपूत के खिलाफ जेल प्रशासन ने गोसाईंगंज थाने में मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कराया है। जेल प्रशासन ने आरोपी को हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट किया है। डीजी जेल ने प्रकरण की जांच लखनऊ परिक्षेत्र के डीआईजी जेल डॉ. रामधनी को सौंपी है।
बुधवार को डीआईजी ने जिला जेल पहुंचकर आरोपी बंदी विश्वास, डॉक्टर, फार्मासिस्ट व चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। जेल अस्पताल के कैमरों की फुटेज भी खंगाली। घटना के बाद अस्पताल में गायत्री को मुहैया कराए गए इलाज से जुड़े दस्तावेज भी देखे।
जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल के निर्देश पर जेल अस्पताल के प्रभारी जेलर राजेश कुमार ने आरोपी बंदी विश्वास के खिलाफ गोसाईंगंज थाने में तहरीर दी। जेलर ने पुलिस को बताया कि सहादतगंज के मोअज्जम नगर निवासी विश्वास को पुलिस ने हत्या के मामले में आठ जुलाई 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह जेल अस्पताल के वार्ड नंबर चार में बंद है और वहीं पर सफाई का काम करता है।
लखनऊ परिक्षेत्र के डीआईजी जेल डॉ. रामधनी का कहना है कि पूर्व मंत्री के अपशब्द कहने पर आक्रोशित बंदी ने अलमारी की पतली लोहे की पटरी से वार कर उन्हें चोटिल कर दिया था। यह एक आकस्मिक घटना है। जांच में किसी तरह की कोई साजिश की बात सामने नहीं आई है। विभागीय जांच की जा रही है।
चार घंटे तक की छानबीन : डीआईजी जेल ने बुधवार को चार घंटे तक जेल में छानबीन की। उन्होंने गायत्री पर वार करने वाली रॉड देखी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि गायत्री पूरी तरह से स्वस्थ हैं। सीटी स्कैन व एमआरआई जांच के लिए उन्हें केजीएमयू भेजा गया था। फिलहाल उनकी रिपोर्ट सामान्य बताई जा रही है।