केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि यूपी के नेताओं के दिल बड़े हैं। परिकर को बड़े उद्देश्य के लिए यूपी से राज्यसभा भेजा जा रहा है।
परिकर के साथ रूडी भी रविवार शाम लखनऊ पहुंचे। पत्रकारों के सवालों के जवाब में रूडी ने कहा कि खुशी है कि नरेंद्र मोदी के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
मंत्री के रूप में वे जनाकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश करेंगे। रूडी ने बताया कि पार्टी ने उन्हें मनोहर परिकर का नामांकन कराने के लिए भेजा है।
सोमवार सुबह भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और दोपहर 12 बजे परिकर राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। परिकर का यूपी जैसे बड़े प्रांत में आना ऐतिहासिक मौका है।
यूपी से बतौर राज्यसभा सदस्य राष्ट्रीय राजनीति में उनके जाने से नया समीकरण उभरेगा। वे यूपी का प्रतिनिधित्व करते हुए देश की सरकार में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है। उसमें दूसरे राज्यों के नेताओं को राज्यसभा में भेजना कोई नई परंपरा नहीं है। यूपी में नेताओं की कमी नहीं है। यहां के नेताओं के दिल बड़े हैं।
वे परिकर को राज्यसभा भेजने की आवश्यकता समझते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी के सीएम अखिलेश यादव का मोदी के सफाई अभियान से न जुड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।