UP Mid Day Meal: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में मिलने वाले मिड डे मील को थोड़ा और बेहतर किया जा रहा है। अब हर बृहस्पतिवार को खाने में एक नई डिश जोड़ी गई है।
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना के तहत बच्चों को पोषक तत्व उपलब्ध कराए जाने के लिए हर बृहस्पतिवार को चिक्की, गजक, बाजरे का लड्डू या भुना हुआ चना दिया जाएगा। यह व्यवस्था नवंबर से मार्च 2025 तक होगी और इसके लिए प्रति बच्चा पांच रुपये की लिमिट जारी की गई है।
विज्ञापन
मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की ओर से सभी जिलाधिकारी को भेजे गए आदेश में कहा गया है कि पीएम पोषण योजना के तहत कुल बजट का पांच फीसदी फंड का प्रयोग फ्लैक्सी फंड के तहत किए जाने की व्यवस्था है। इसके तहत इस सत्र में हर सप्ताह में एक दिन पांच रुपये प्रति छात्र प्रति दिन की दर से सप्लीमेट्री न्यूट्रीशन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन के तहत स्थानीय उपलब्धता के अनुसार मूंगफली की चिक्की, गुड-तिल-मूंगफली की गजक, बाजरे का लड्डू या भुना चना हर छात्र को कम से कम 50 ग्राम दिया जाएगा। जिला स्तर पर डीएम इसका निर्धारण करेंगे। उन्होंने इस व्यवस्था को नियमानुसार लागू करने का निर्देश दिया है।