बिना प्रदूषण जांच किए वाहनों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) जारी करने वाले प्रदेश के 20 प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने इन केंद्रों के प्राधिकार-पत्र अग्रिम आदेश तक निलंबित किए हैं। अब ये केंद्र न तो वाहनों की प्रदूषण जांच कर सकेंगे और न ही प्रमाणपत्र जारी कर पाएंगे।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि विभाग की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण कराया गया था। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (प्रशासन) की जांच में कई केंद्रों पर निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद संबंधित केंद्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर 20 केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उत्तर प्रदेश ऑनलाइन मोटरयान प्रदूषण जांच केंद्र योजना-2020 के प्रावधानों के तहत इनके प्राधिकार-पत्र निलंबित किए गए हैं।