विधान परिषद में प्रश्न प्रहर के दौरान भाजपा के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने सड़कों के बजट में घपले का आरोप लगाया। उन्होंने देवरिया के करुअना-परसिया-मगहरा-सलेमपुर मार्ग का मामला उठाते हुए कहा कि पूर्व में इस सड़क के लिए कई सौ करोड़ रुपये जारी हुए, जिसे अधिकारियों ने अन्यत्र खर्च कर दिया। अधीक्षण अभियंता ने कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा, पर अभी तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि मार्ग के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी गई है। अगर कहीं कोई गड़बड़ हुई है तो जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रश्न प्रहर में ही शिक्षक दल के ध्रुव त्रिपाठी ने सड़कों के टेंडर 30 प्रतिशत तक बिलो जाने से सड़कों की गुणवत्ता प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री ने कहा कि निविदाओं में शेड्यूल दर से न्यूनतम दर की कोई भी सीमा निर्धारित नहीं है।
राजकोषीय स्थिति में संतुलन के लिए लाई गई एनपीएस
सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने प्रश्न प्रहर में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने सवाल उठाया कि अगर न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) बेहतर है तो इसे न्यायपालिका और विधायिका पर लागू क्यों नहीं किया गया। राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि नई पेंशन प्रणाली सरकार के राजकोषीय स्थिति में संतुलन बनाए रखने और बेहतर राष्ट्रव्यापी वृद्धावस्था सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से लाई गई है।
सपा के आशुतोष सिन्हा ने प्रश्न उठाया कि क्या यूनिफाइड पेंशन स्कीम और नई पेंशन स्कीम की तरह ओल्ड पेंशन स्कीम चुनने का भी अधिकार मिलेगा। भाजपा के सदस्य डॉ. केपी श्रीवास्तव ने लखनऊ के बादशाहनगर में अनधिकृत रूप से संचालित दुकानों पर कार्रवाई का मुद्दा उठाया। भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह ने बस्ती में बिजली लाइन शिफ्टिंग का मुद्दा उठाया। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि यह काम पूरा करा दिया गया है।