फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ: आंधी और बारिश से उड़ी आधे शहर की बिजली, ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटे बाधित रही आपूर्ति; जानिए अपडेट

Sun, 15 Jun 2025 10:50 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला, सिटी रिपोर्टर, लखनऊ

सार

Electricity system disrupted in Lucknow: रविवार के तड़के लखनऊ के कुछ क्षेत्रों में आई आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को प्रभावित किया। कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली कटी रही। 
विज्ञापन
आंधी-बारिश से प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 राजधानी में रविवार को तड़के करीब पौने चार बजे आए आंधी-पानी से शहर से गांव तक की बिजली उड़ गई। इससे शहर में दो घंटे और गांव में दोपहर तक बिजली गुल रही। उतरेठिया, चिनहट, महानगर, आलमबाग, अहिबरनपुर, मोहनलालगंज, सिसेंडी, माल, बीकेटी आदि इलाकों की पांच लाख की आबादी ने यह संकट झेला।

विज्ञापन


आंधी एवं पानी का व्यापक असर मोहनलालगंज, बीकेटी व माल क्षेत्र में रहा। यहां हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ गिरने से खंभा, तार व अन्य उपकरण टूट गए। कर्मियों को पेट्रोलिंग करके मरम्मत के बाद बिजली चालू कराने में दोपहर 12 बजे तक का समय लग गया। उधर, बारिश के चलते जानकीपुरम, गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार, आईआईएम रोड, मड़ियांव, खदरा में इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने व तारों के टूटने से सुबह 3:45 से 6:20 बजे तक बिजली संग लोगों की नींद उड़ी रही। उपभोक्ताओं ने बताया कि चंदरनगर उपकेंद्र के आलमबाग, तालकटोरा रोड, रामनगर, नटखेड़ा रोड, अंबेडकर पार्क, आजादनगर की बिजली सुबह 4:45 से 5:30 बजे तक बंद रही। इसी प्रकार तेलीबाग क्षेत्र के बलदेव विहार घोसियाना गोपाल नगर में शनिवार रात 11 बजे कटी बिजली रविवार सुबह 4 बजे तक नहीं आई। बलदेव विहार निवासी पीएन दुबे ने बताया कि रात में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने फोन भी नहीं उठाया। इसी प्रकार दुबग्गा, मोहान रोड, पारा, सरोजनीनगर की बिजली आपूर्ति में भी व्यवधान रहा।

रविवार को यहां भी गुल रही बिजली

- चिनहट के कमता में 1500 घरों की सुबह 6 से 6:45 बजे तक।
- चिनहट के बाघामऊ में 3000 घरों की सुबह 6 से 6:30 बजे तक।
- ओल्ड महानगर, करामत मार्केट, सेक्टर सी के 1000 घरों की सुबह 5:30 से 6:20 बजे तक।
- अस्ती, लौहंगापुर, दिनकरपुर, गोहना इलाके में शनिवार रात 2 से सुबह 4 बजे तक।
- अहिबरनपुर, त्रिवेणीनगर, खदरा, मोहन मीकिन रोड, बागशाहजी के 10 हजार घरों की सुबह 4 से 6 बजे तक।
- आशियाना के सेक्टर एल व आसपास शनिवार रात 12:30 से सुबह 5:00 बजे तक बिजली आती-जाती रही।
 

बिजली चोरों ने पेट्रोलिंग दस्ते को खदेड़ा

फैजुल्लागंज के बिजली चोरी वाले इलाके में शनिवार रात पेट्रोलिंग करने पहुंची टीम को लोगों ने दौड़ा लिया। एक्सईएन एके शुक्ला ने बताया कि वैदिक गार्डेन के पास खाली पड़े चार-पांच प्लॉट में पड़ी झोपड़ पट्ट में रहने वाले रोज रात को कटियाबाजी करते हैं। इससे प्रियदर्शिनी उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा था। शनिवार रात करीब 10 बजे टीम जब जांच के लिए पहुंची तो बिजली चोरी करने वालों ने लाठी-डंडों के साथ उन्हें दौड़ा लिया। एक्सईएन ने बताया कि फैजुल्लागंज में जहां भी कटियाबाजी होती, वहां पर पीएसी लेकर पेट्रोलिंग कराई जाएगी।
विज्ञापन

देर रात उतरेटिया उपकेंद्र का घेराव, डेढ़ घंटे रहे डटे

बिजली संकट से त्रस्त पीजीआई मीरा विहार, मधुबन विहार, सरस्वतीपुरम, चरण भट्ठा रोड सहित कई कॉलोनी के 150 से ज्यादा लोगों ने शनिवार रात करीब 11:30 बजे उतरेटिया उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया। सड़क जाम करने की कोशिश भी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा कर सड़क से हटाया।

प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि मधुबन विहार व मीरा विहार कॉलोनी में रखा ट्रांसफार्मर अचानक बंद हो जाता है। इससे किसी भी वक्त घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। शनिवार शाम 5 बजे अचानक से बिजली कट गई। लोग अवर अभियंता को फोन मिलाते रहे, मगर कोई जवाब नहीं मिला। रात्रि 8:30 बजे थोड़ी देर के लिए बिजली आई और आधे घंटे बाद फिर चली गई। बिजली जाने के बाद 11 बजे तक जब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो कॉलोनी के एकजुट होकर दो किमी दूर उतरेटिया उपकेंद्र पहुंचे। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपकेंद्र घेर लिया। रात एक बजे तक प्रदर्शन चलता रहा। रात एक बजे जब बिजली चालू हुई तब लोग अपने घर गए।

उधर, सैनिक नगर, सेनानी विहार उतरेटिया व रजनी खंड के इलाकों में शनिवार से रविवार शाम 5 बजे तक बिजली का आना-जाना लगा रहा। इससे बड़ी आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरेंद्र कटियार, भूपेंद्र मीना, भानु प्रताप, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, अनिल कुमार, रणवीर सिंह, सुखवीर, गणेश पाठक, रमेश राय ने कहा कि रोजाना चार से पांच घंटे बिजली का कटना तय है। बिजली गुल होने पर अधिकारी सुनते नहीं है। यही नहीं, उपभोक्ताओं की कॉल का कोई रिस्पांस तक नहीं देते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें