यूपी की पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि इलाहाबाद में होने वाले अर्द्धकुंभ को सरकार देशी-विदेशी सैलानियों के लिए पर्यटन का केंद्र बनाएगी। सरकार मीडिया के साथ सोशल मीडिया पर भी अर्द्धकुंभ की ब्रॉन्डिंग करेगी और ब्रेड एंड ब्रेकफॉस्ट स्कीम में पर्यटकों को हर स्तर के होटल उपलब्ध कराए जाएंगे। हेलीकॉप्टर से अर्द्धकुंभ दर्शन कराने की योजना भी शुरू की जाएगी।
बृहस्पतिवार को पर्यटन भवन में जोशी ने कहा कि इलाहाबाद में 50 किमी की परिधि में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके लिए राजकीय निर्माण निगम से डीपीआर तैयार कराई जा रही है। पिछली सरकार ने पर्यटन के क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। जबकि, मोदी सरकार ने प्रदेश के लिए बड़ी संख्या में योजनाएं मंजूर की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दर्शनीय स्थलों की ब्रॉन्डिंग को सरकार जल्द ब्रॉन्ड एंबेसेडर की नियुक्ति करेगी। पर्यटन की टैगलाइन के लिए जनता से सुझाव मांगे गए थे, जिसके तहत अब तक 3700 से अधिक सुझाव आए हैं।
जनवरी में अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जनवरी में लखनऊ, अयोध्या और चित्रकूट में अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इसमें इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर आदि देशों के कलाकार शामिल होंगे।
लखनऊ में लिटरेरी फेस्टिवल के साथ ही लखनऊ व सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो भी होगा। वाराणसी में लेजर शो शुरू किया जाएगा। इसी तरह, विंध्याचल, बरसाना और चित्रकूट में रोप-वे लगाए जाएंगे। अयोध्या में रामायण म्यूजियम और घाटों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।