योगी सरकार ने दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों को 30 दिन के तदर्थ बोनस का तोहफा दिया है। अपर मुख्य सचिव वित्त एस. राधा चौहान ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। भुगतान दीपावली से पहले हो जाएगा। करीब 12 लाख अराजपत्रित कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा।
शासनादेश के अनुसार प्रदेश के सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राजकीय विभागों के वर्कचार्ज कर्मचारियों तथा राज्यनिधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के ऐसे कर्मचारी, जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (47600-151100 रुपये) (अपुनरीक्षित वेतनमानों में ग्रेड वेतन 4800 रुपये) तक है, को इसका लाभ मिलेगा। तदर्थ बोनस की अनुमन्य धनराशि का 75 फीसदी हिस्सा जीपीएफ में जाएगा। शेष 25 फीसदी का नकद भुगतान किया जाएगा। अगर किसी कर्मचारी का जीपीएफ नहीं है तो उसे यह धनराशि एनएससी के रूप में दी जाएगी या उसके पीपीएफ में जमा किया जाएगा। जो कर्मचारी 31 मार्च 2021 के बाद रिटायर हो चुके हैं या 30 अप्रैल 2022 तक रिटायर हो जाएंगे, उनके बोनस का पूरा भुगतान नकद में किया जाएगा।
6908 रुपये बोनस, इसमें 1727 नकद
वित्त विभाग के सूत्रों के मुताबिक तदर्थ बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये है। 30 दिन का बोनस 6,908 रुपये मिलेगा। इसका 25 फीसदी यानी 1727 रुपये नकद मिलेगा। बाकी जीपीएफ में जाएगा।
एक नवंबर तक वेतन देने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर सभी सरकारी, अर्धसरकारी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अक्तूबर माह का वेतन हर हाल में एक नवंबर तक करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से कर्मचारी अपना त्योहार खुशी से मना सकेंगे।