ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी कार्मिक गलत कार्यों में सम्मिलित हों उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए एफआईआर भी दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि किसानों को विद्युत कनेक्शन देने में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को समय से कनेक्शन मिले इसका पूरा ध्यान दिया जाए।
प्रदेशभर के अभियंताओं को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि कहीं से भी कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। सभी मुख्य अभियंता, अधिक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए उनके सुझाव लें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक जनपद, मंडल एवं डिस्कॉम मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई की जाएगी। उपभोक्ता अपनी शिकायतों को विभाग के टोल फ्री नं0 1912 में भी दर्ज कराए।
उन्होंने विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा। सभी विद्युत कार्मिक इसके लिए सेफ्टी कल्चर अपनाएं और मुख्यालय स्तर से भी एसओपी जारी की जाए। सभी प्रबंध निदेशक 70 से 80 प्रतिशत लाइन हानियों वाले क्षेत्रों में कार्यरत कार्मिकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। इस वर्ष गर्मी में 100 केवीए के ऊपर के पावर ट्रांसफार्मर के जलने पर संबंधित कार्मिक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नरेन्द्र भूषण ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में बिना कटौती के विद्युत प्राप्त हो, इसके लिए सभी प्रबंध किये जाए। कृषि फीडर पर विशेष ध्यान दें। अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि जिन फीडरों पर ज्यादा चोरी होती है उनके नाम प्रत्येक उपकेन्द्र पर लगाइये और वहां के उपभोक्ताओं को बताइये कि चोरी ज्यादा है तो आप सबको परेशानी होगी।