भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुजफ्फरनगर के खतौली, मीरापुर और सदर विधानसभा क्षेत्र के की वोटर्स के साथ बैठक की घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार में मुजफ्फरनगर अपराध का नहीं बल्कि व्यापार का गढ़ बन रहा है। यह जिला निवेशकों की पहली पसंद है। यहां चारों तरफ हाईवे का जाल बिछ गया है। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे बन जाने से मुजफ्फरनगर दिल्ली के और करीब आ गया है। इसी के साथ-साथ बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है.
खतौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी विक्रम सैनी के समर्थन में मतदाताओं के साथ बैठक में उन्होंने योगी मोदी की सरकार बनी रहने के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने घर-घर जाकर जनसंपर्क भी किया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार प्रशांत गुर्जर के समर्थन में बैठक कर वोट मांगा। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी मुज़फ़्फ़रनगर के बच्चों का भविष्य बनाने के लिए आए हैं। प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज मनाए जा रहे हैं। अब तक 33 जिलों में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण हुआ है। कोरोना जैसी महामारी में भी देश का कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोया। 15 करोड़ लोगों को महीने में दो बार मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर सदर सीट पर पार्टी उम्मीदवार कपिल देव अग्रवाल के समर्थन में उन्होंने वृंदावन गार्डन में बैठक की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी की दृष्टि से बहुत अच्छा काम हुआ है।गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे दिल्ली मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस वे तथा दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के निर्माण से यहां के विकास को चार चांद लगे हैं। उत्तर प्रदेश के 24 करोड़ लोगों को कोरोना का मुफ्त टीका लग चुका है।
स्वतंत्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय जो अब तक ₹45000 प्रति वर्ष थी अब वह बढ़कर ₹95000 प्रति वर्ष हो गई है। देवबंद में एटीएस का कमांडो सेंटर बन रहा है। जिसका परिणाम है कि बीते पांच सालों में मुजफ्फरनगर में एक भी दंगे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हमारी बहू-बेटियों पर अब कोई आंख उठाने की जुर्रत नहीं करता और महिलाओं से छेड़खानी करने वाले अब जेल के अंदर हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अगर सपा को एक भी वोट मिला तो अपराधी जेल से सीधे बेल पर रिहा हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि योगी और पूर्ववर्ती सरकारों का सबसे बड़ा फर्क यही है कि हमने बूचड़खाने बंद कराकर उन लोगों को जेल भेजा और सपा ने गौभक्तों पर, रामभक्तों पर गोलियां चलाने वालों के केस वापस लिए।