आतंकी शहनवाज से पूछताछ करते यूपी डीजीपी ओम प्रकाश सिंह।
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर के देवबंद से एटीएस की गिरफ्त में आए संदिग्ध आतंकियों से रविवार को डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने चार घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद डीजीपी ने कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह से दोनों राज्यों के बीच समन्वय के लिए बात की।
सूत्रों के अनुसार, डीजीपी ओम प्रकाश सिंह दोपहर बाद लगभग दो बजे एटीएस के दफ्तर पहुंचे और वहां दोनों आतंकियों से बारी-बारी पूछताछ की। डीजीपी ने पूछा कि पुलिस ने तुम लोगों को सही पकड़ा है या गलत फंसा रहे हैं।
दोनों ही संदिग्धों ने कहा कि उनकी गलती थी कि वह कश्मीर में जैश के आतंकियों से बात करते थे। इसके अलावा उनका कोई दोष नहीं है। शाहनवाज उर्फ नवाज ने बताया कि कश्मीर में बैठे उनके आका जल्दी से जल्दी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने का दबाव बना रहे थे।
पूछताछ में आतंकी संगठन के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली है जिसके बाद कई और गिरफ्तारियां संभव हैं। संदिग्ध आतंकी ब्लैक बेरी मैसेंजर का इस्तेमाल कर अपने संदेश एक दूसरे तक पहुंचाते थे। वहीं, कॉल करने के लिए वर्चुअल नंबर्स का इस्तेमाल करते थे।
दोनों संदिग्धों की मोबाइल डिटेल में कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। मैसेजिंग से हथियारों के मूवमेंट व बड़ी घटना करने की तैयारी की बातें पता चली।