मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यूपी बोर्ड की प्रस्तावित स्कीम चुनाव आयोग के विचार के लिए दिल्ली भेज दी है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू करने के लिए 16-20 मार्च के बीच तीन अलग-अलग तिथियों का प्रस्ताव बनाकर भेजा है।
पिछले दिनों यूपी बोर्ड ने फरवरी-मार्च में परीक्षाएं कराने की योजना बनाई थी, मगर चुनाव आयोग के एतराज के बाद इसे जारी नहीं किया गया। इतना ही नहीं आयोग ने बोर्ड के अधिकारियों को दिल्ली तलब भी किया, जहां उन्हें प्रस्तावित कार्यक्रम आयोग को देने के लिए कहा गया।
साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि प्रस्तावित कार्यक्रम की तिथियां चुनाव की तिथियों से न टकराएं। 9 जनवरी को यूपी बोर्ड ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को तीन अलग-अलग सेटों में प्रस्तावित कार्यक्रम प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सौंपे थे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने बताया कि यूपी बोर्ड के प्रस्तावित कार्यक्रम को भारत निर्वाचन आयोग के दिल्ली कार्यालय के लिए भेज दिया गया है। इस पर अंतिम मुहर वहीं से लगेगी।
वहीं, माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव शैल यादव ने बताया कि 15 मार्च के बाद की तीन अलग-अलग तिथियों में परीक्षाएं शुरू करने के प्रस्ताव के साथ विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम आयोग को दिया गया है।
बुधवार शाम तक आयोग ओर से बोर्ड को कोई जवाब नहीं मिला है। आयोग की हरी झंडी मिलने के बाद ही औपचारिक रूप से परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।