बैठक के जरिए यह साफ किया गया है कि विरासत और विकास, राष्ट्रवाद एवं सुरक्षा यानी बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की निरतंरता भाजपा के चुनावी एजेंडे के प्रमुख बिंदु होंगे। विकास पर बात करते वक्त विरासत पर विशेष फोकस रहेगा। बैठक की चर्चा से यह भी साफ हो गया है कि नए लोगों को पार्टी में शामिल तो किया जाएगा लेकिन न तो एजेंडे में बदलाव होगा और न पुराने लोगों की कीमत पर ऐसा किया जाएगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में दो दिन हुए मंथन के बाद तय हुआ कि भाजपा को रक्षात्मक के बजाए आक्रामक चुनाव प्रचार के साथ चुनावी मैदान में उतरना चाहिए। विपक्ष के अतीत की याद दिलाते हुए लोगों को इनके बहकावे से बचने और सरकार बनने पर इनके तरफ से संभावित काले-कारनामों की याद दिलाते हुए मैदान में उतरा जाए। मतदाता सूची को दुरुस्त कराने तथा भाजपा समर्थित मतदाताओं के नाम छूटने न देने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया । सभी लोगों ने माना कि अनेक समस्याओं और दस साल की लगातार सत्ता के बावजूद वातावरण भाजपा के पक्ष में है। सत्ताविरोधी लहर जैसी कोई स्थिति नहीं है।
कुल मिलाकर, मथुरा का चिंतन भाजपा के लिए सिर्फ संगठनात्मक समीक्षा की बैठक नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी विमर्श की दिशा तय करने का मंच भी रहा। पार्टी अब विकास और कानून-व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत और समान नागरिक संहिता को भी चुनावी चर्चा के केंद्र में रखने की तैयारी में है।
सीएम योगी आदित्यनाथ व अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
अखिलेश यादव के अगले महीने 12 दिसंबर को श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन करने की घोषणा पर भी भाजपा ने उन्हें घेरने की रणनीति पर चर्चा की है। इससे स्पष्ट है कि चुनावी दंगल में भाजपा अखिलेश यादव को हिंदुत्व के मुद्दे पर ही घेरेगी। चर्चा में यह भी संकेत दिए गए हैं कि भाजपा अखिलेश यादव से मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि और काशी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद पर भी उनका दृष्टिकोण पूछकर घेरेगी। खुद को यदुवंशी कहने वाले अखिलेश से कृष्ण के सनातन संस्कृति की स्थापना के लिए किए गए उनके कामों पर भी सवाल पूछा जाएगा और इसके जरिये सनातन सरोकारों से जुड़े स्थलों पर मुस्लिमों के अतिक्रमण के मुद्दे पर भी उन्हें घेरा जाएगा।
यूजीसी मुद्दे पर केंद्रित होगा अभियान
बैठक में सामान्य वर्ग के बीच यूजीसी और एससी-एसटी एक्ट को लेकर बन रही आशंकाओं पर भी चर्चा हुई। जिस तरह से विपक्ष इस मुद्दे पर भाजपा को कठघरे में खड़ा कर रही है, उसका माकूल जवाब देने को लेकर चुनावी अभियान में सपा को घेरा जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह संदेश पहुंचाने पर जोर दिया जाएगी कि सरकार सभी वर्गों के सम्मान, सुरक्षा और हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों और सरकार की नीतियों को भी इसी संदर्भ में जनता तक पहुंचाने की बात हुई।