राजधानी में चल रही ठंडी पछुआ हवाओं से सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ गया है। बीते 48 घंटे में रात के तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मंगलवार को हवा की रफ्तार धीमी होने से दिन में धूप के तेवर कुछ तीखे रहे। सुबह हवा में नमी कम रहने से कोहरा भी कम हुआ।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन राजधानी के मौसम और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद हवाओं का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इससे तापमान में फाैरी ताैर पर करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
ठंडी पछुआ हवाओं का असर राजधानी की हवा पर भी पड़ा है। हवा चलने से प्रदूषित कणों का जमाव कम हुआ और वायु गुणवत्ता में सुधार आया। मंगलवार को लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 121 दर्ज किया गया। वहीं, छह में से तीन निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता हरे जोन में पहुंच गई।
रविवार से मंगलवार के बीच यूं गिरा रात का पारा
रविवार - 18.4 डिग्री सेल्सियस
सोमवार - 17.5 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार- 13.2 डिग्री सेल्सियस