बांग्लादेशी, पाकिस्तानी, नेपाली और रोहिंग्याओं के फर्जी आधार कार्ड बनवाने के आरोपी अंसार अली मौला की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर हो गई है। एटीएस के विशेष न्यायाधीश ने छह दिन की रिमांड का आदेश दिया है। अब एटीएस आरोपी से दस दिसंबर की सुबह दस बजे से लेकर 15 दिसंबर की शाम छह बजे तक पूछताछ करेगी।
एटीएस के वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी नागेंद्र गोस्वामी की अर्जी के मुताबिक आरोपी को 14 नवंबर को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जानकारी पर एटीएस ने आरोपी को बी वारंट पर कोलकाता से लाकर लखनऊ की जेल में बंद किया था। रिमांड मिलने के बाद एटीएस अब आरोपी अंसार के पास मिले लैपटॉप व मोबाइल का डाटा और बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन के बारे में पूछताछ करेगी। आरोपी ने जिन जनसेवा केंद्रों से फर्जी आधार कार्ड बनवाए हैं उनके संचालकों से भी पूछताछ होगी। आरोपी ने दूसरे राज्यों के ऑपरेटरों की आईडी का अनधिकृत इस्तेमाल करके अपने लैपटॉप से फर्जी आधार बनाएं है जिसकी जानकारी भी जुटाई जाएगी।