फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022: लखनऊ में नेताओं का सियासी संग्राम, विपक्ष ने लगाए कई आरोप, पढ़िए भाजपा ने क्या जवाब दिया?

Tue, 07 Dec 2021 05:37 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

चाय पर चर्चा, महिलाओं और युवाओं से संवाद के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। यहां नेताओं ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। 
विज्ञापन
लखनऊ में सत्ता का संग्राम कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के नेताओं ने शिरकत की। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नौ विधानसभा सीटें हैं। 2017 में हुए आम चुनावों में यहां की आठ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक पर समाजवादी पार्टी की जीत हुई थी। अब अगले साल फिर से विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' यहां के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। नेताओं ने एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए। विपक्ष ने महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना के मिस मैनेजमेंट का मुद्दा उठाया तो भाजपा ने सरकार के कामों की गिनती कराई। पढ़िए नेताओं ने क्या-क्या कहा?
विज्ञापन

विपक्ष ने क्या आरोप लगाए?

लखनऊ, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 - फोटो : अमर उजाला
1. समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा और सईद जरीन ने कार्यक्रम में शिरकत की। डॉ. आशुतोष ने महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं का मुद्दा उठाया। कहा, भाजपा के नेता जो अपनी भाषणों में बोलते हैं, जमीन पर उससे काफी अलग कहानी होती है। प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। इसके बावजूद अगर ये भयमुक्त प्रदेश की बात करते हैं तो ये हास्यास्पद है।

डॉ. वर्मा ने कहा भाजपा सरकार में जातिवाद बढ़ा है। दलितों के साथ अत्याचार हो रहा है। इसके उलट सपा मुखिया अखिलेश यादव ने यहां विकास की गंगा बहाई थी। भाजपा जिन विकास कार्यों का फीता काट रही है, उसे सपा सरकार में ही शुरू किया गया था। ये अपना खुद का कोई एक काम भी नहीं गिना सकते हैं।  

सपा की सईर जरीन ने भी महिला अपराध और कोरोना के दौरान मिस मैनेजमेंट का मुद्दा उठाया। कहा कि हाथरस में रेप पीड़िता बच्ची के शव को जबरन जला दिया गया। उसे न्याय नहीं मिला। पंचायत चुनाव में महिला उम्मीदवार का सरेराह चीर हरण हुआ। आज रात में नौ बजे के बाद महिलाएं घर से नहीं निकल सकती हैं। लखनऊ में कोरोना के समय जो हालात थे, उसे पूरी दुनिया ने देखा। लोग ऑक्सीजन के बगैर तड़प-तड़पकर मरे। मौत का तांडव मचा हुआ था और भाजपा की सरकार झूठे आंकड़ों को बताने में जुटी हुई है।  



2. कांग्रेस 
कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन रावत ने कहा कि यूपी को लेकर प्रियंका गांधी ने एक प्रारूप तैयार की है। इस प्रारूप में उन्होंने प्रदेश के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार की बात की है। आज प्रदेश में प्रियंका गांधी इकलौती ऐसी नेता हैं जो महिलाओं और जन मुद्दों की लड़ाई लड़ रहीं हैं। 

कांग्रेस की नेता आस्था तिवारी ने महिला असुरक्षा का मुद्दा उठाया। कहा कि पहले और अब के मुकाबले में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। अब हालात काफी खराब है। महिलाएं असुरक्षित हैं। भाजपा सरकार हमेशा झूठ बोलती है। इन लोगों ने कोई काम नहीं किया है। 

3. प्रसपा 
शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष अजय पांडेय मुन्ना ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने पुलिस के अपराध का मुद्दा उठाया। कहा कि लखनऊ, गोरखपुर, आगरा, कानपुर में पुलिस ने बेगुनाहों को मार डाला। भाजपा सरकार में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है। जो भी काम हुए हैं, वो सब शिवपाल सिंह यादव ने कराए हैं। 
विज्ञापन

भाजपा ने क्या जवाब दिया? 

लखनऊ, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 - फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संजय चौधरी ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। कहा कि भाजपा ने समाज की प्राथमिक समस्याओं का निराकरण किया है। एक बेहतर समाज तभी हो सकता है जब भय, भूख और भ्रष्टाचार का समाधान हो और आम लोगों को बिजली, पानी और सड़क की सुविधा मिले। भाजपा सरकार ने ये काम करके दिखाया है। 

चौधरी ने आगे कहा, ' 2017 से पहले तक उत्तर प्रदेश भय, आतंक, अपराधियों और अराजकता से पीड़ित था। भाजपा ने उसका सफाया किया। कोरोना के दौरान जो यूपी में हुआ, उसे पूरी दुनिया ने सराहा। डब्ल्यूएचओ ने तारीफ की। टेस्टिंग और वैक्सीनेशन के मामले में यूपी नंबर एक है। कोरोना के दौरान कोई भूखा न रहे इसके लिए लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। सभी गांव, गली, शहर में बिजली की सप्लाई हुई। भाजपा ने यूपी में विकास की नई कहानी लिखी है।'
 
भाजपा नेता चेतना पांडेय ने महिला हिंसा को लेकर सपा और कांग्रेस के सवालों का जवाब दिया। कहा, प्रियंका गांधी अगर वाकई में महिलाओं का सम्मान करती हैं तो जिन राज्यों में उनकी सरकार है, वहां क्यों नहीं जातीं? राजस्थान में महिलाओं के साथ कैसी-कैसी घटनाएं हो रहीं हैं? 

चेतना ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आज महिलाएं सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। रात में भी अकेले घरों से निकल सकती हैं। इसकी पुष्टि खुद कांग्रेस नेता आनंद शर्मा की रिपोर्ट से होती है।  
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें