अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : Twitter
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में हुए दलित सम्मेलन के जरिये दमदार दलित का दांव चला। उन्होंने कहा कि दमदार दलित और मुस्लिमों के अपना वोट बचा लेने से भाजपा सकते में है। साथ ही सियासत के सैलानियों का जिक्र करके असदुद्दीन ओवैसी सरीखे नेताओं से सावधान रहने का संदेश भी आम मतदाताओं को दिया। इशारों ही इशारों में यह भी कह दिया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की डोर भाजपा के हाथ में है।
आगरा के दलित सम्मेलन में अखिलेश ने वोट और संविधान बचाने की जहां अपील की, वहीं विधानसभा चुनाव को पीडीए (पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक ) के सम्मान और अधिकारी की लड़ाई बताया। हालांकि, पीडीए में उन्होंने पीड़ित अगड़े समाज को भी शामिल बताया। उन्होंने सियासत के सैलानियों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि वे सिर्फ भाजपा के भोंपू हैं। पढ़े-लिखे युवाओं को समझाने के लिए कहा कि इन सियासत के सैलानियों के लॉगइन का पासवर्ड भाजपा के पास है। इसलिए भाजपा की तरह ये लोग भी पीडीए की नकारात्मक परिभाषाएं गढ़ रहे हैं।
भाजपा के फंडेड नेताओं से सावधान रहें
सम्मेलन में समाजवादी नेताओं ने भाजपा के फंडेड नेताओं से सावधान रहने का आह्वान किया। उनका कहना था कि ये नेता दिखाने को सिर्फ भाजपा से अलग हैं, पर अंदरखाने भाजपा के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। कुल मिलाकर सपा ने दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को एक साथ आने का आह्वान किया, ठीक उसी तरह से जैसे 1993 में आए थे। तब अयोध्या का मुद्दा खूब उछलने के बावजूद सपा की अगुवाई में भाजपा को हराया गया था और मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने थे।