फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: दीपावली की रात सात गुना जहरीली हुई हवा, पीएम 10 का स्तर 726 तक पहुंचा; 2018 के बाद सबसे ज्यादा प्रदूषण

Wed, 11 Nov 2026 10:56 PM IST
Akash Dwivedi अमर उजाला, लखनऊ

सार

लखनऊ में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर पिछले आठ वर्षों में सबसे अधिक दर्ज हुआ। आईआईटीआर की रिपोर्ट के मुताबिक पीएम10 का औसत स्तर 726.2 माइक्रोग्राम पहुंच गया, जो मानक से कई गुना अधिक है। अलीगंज सबसे प्रदूषित रहा, जबकि विकासनगर में ध्वनि प्रदूषण सर्वाधिक दर्ज किया गया।
विज्ञापन
लखनऊ की हवा हुई जहरीली। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीपावली की रात शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर मानक से सात गुना तक पहुंच गया। भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईआईटीआर) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आठ नवंबर को पीएम10 का औसत स्तर 726.2 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में यह 2018 के बाद दीपावली की रात का सबसे अधिक स्तर है।
विज्ञापन


संस्थान ने सात से नौ नवंबर तक शहर के चार इलाकों अलीगंज, विकासनगर, अमीनाबाद और चौक में वायु प्रदूषण और ध्वनि स्तर की निगरानी की। इसमें अलीगंज सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां पीएम10 का स्तर 912 और पीएम2.5 का स्तर 558 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। वहीं विकासनगर में ध्वनि प्रदूषण (शोर) का सबसे अधिक स्तर दर्ज हुआ।

2022 के बाद प्रदूषण घटने का रुझान पलटा

आईआईटीआर के दस वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि लखनऊ में दीपावली पर पीएम10 का स्तर साल 2018 में सबसे अधिक 990 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया था। इसके बाद उतार-चढ़ाव के बीच प्रदूषण घटा और 2022 में इसका स्तर 396 तक आ गया। इसके बाद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने लगा।

वर्ष 2025 में पीएम10 का औसत स्तर 565 था, जो इस बार बढ़कर 726.2 हो गया। यानी 2025 के मुकाबले इस दिवाली पर पीएम10 में 28.5 प्रतिशत का उछाल आया है। वहीं पीएम2.5 के स्तर में भी पिछले साल के मुकाबले 13.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यानी साल 2022 तक लखनऊ में प्रदूषण में कमी का जो रुझान दिख रहा था, वह अब पलटता नजर आ रहा है।
विज्ञापन


 
Trending Videos

साल 2022 से 2026 तक दीपावली पर पीएम10 का स्तर

वर्ष पीएम10 (माइक्रोग्राम/घनमीटर)
2022 396  
2023 464  
2024 451
2025 565  
2026 726.2  
 
खास बात: चार साल में पीएम10 का स्तर 396 से बढ़कर 726.2 हो गया। यानी करीब 83.4 प्रतिशत का उछाल आया।

अलीगंज में सबसे ज्यादा रहा धुएं का असर

दीपावली की रात चारों निगरानी स्थलों में अलीगंज सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां पीएम10 912 और पीएम2.5 558 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। चौक में पीएम10 751, अमीनाबाद में 642 और विकासनगर में 599 रहा। पीएम2.5 का स्तर भी सभी स्थानों पर निर्धारित 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की सीमा से कई गुना अधिक था।

अगले दिन भी मानक से ऊपर रही धूल और धुएं की मात्रा

आतिशबाजी थमने के बाद अगले दिन भी हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से कम नहीं हुआ। नौ नवंबर की रात पीएम10 का औसत स्तर 300.1 और पीएम2.5 का 143.4 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। दोनों ही निर्धारित मानकों से अधिक थे।

नाइट्रोजन डाइऑक्साइड में आई 136 प्रतिशत की बढ़ोतरी

पटाखों के साथ गैसीय प्रदूषण में भी उछाल दर्ज किया गया। दीपावली की रात नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2) का औसत स्तर 113.8 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पहुंच गया, जो निर्धारित 80 माइक्रोग्राम के मानक से अधिक था। यह दीपावली से पहले की रात के मुकाबले 136.1 प्रतिशत ज्यादा रहा। अलीगंज, विकासनगर और चौक में इसका स्तर मानक से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) का औसत स्तर बढ़ने के बावजूद 80 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की सीमा के भीतर रहा।

 

चार इलाकों में प्रदूषण का स्तर

निगरानी स्थल पीएम10 पीएम2.5
अलीगंज 912 558
चौक 751 316
अमीनाबाद 642 435
विकासनगर 599 292

 

विज्ञापन

विकासनगर में 90.3 डेसीबल तक पहुंचा शोर

दीपावली पर आतिशबाजी ने ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ाया। चारों स्थानों पर दीपावली की रात औसत ध्वनि स्तर 86.8 डेसीबल दर्ज किया गया। विकासनगर में यह सबसे अधिक 90.3 डेसीबल रहा। आवासीय क्षेत्रों में रात के समय ध्वनि की निर्धारित सीमा 45 डेसीबल है। ऐसे में सभी निगरानी स्थलों पर शोर का स्तर तय सीमा से काफी अधिक रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें