दिल्ली के रोहिणी में प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के पास कार में हुए धमाके के बाद यूपी में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। दिल्ली के सीमावर्ती जिलों में संदिग्धों को दबोचने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है तो यूपी एटीएस भी इस घटना के पीछे शामिल संगठनों के बारे में सुराग जुटा रही है। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के दृष्टिगत पूरे प्रदेश में पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका था, हालांकि दिल्ली की घटना ने संवेदनशीलता बढ़ा दी है। इसके दृष्टिगत सभी जिलों को खास सतर्कता बरतने और संदिग्धों पर नजर रखने को कहा गया है। बता दें कि दिल्ली की घटना की अभी किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि इसे अंजाम देने वाले यूपी में पनाह लेने की कोशिश कर सकते हैं। साथ ही, यूपी में भी इस तरह की घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा सकती है। लिहाजा पुलिस समेत सभी सुरक्षा बलों के प्रतिष्ठानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे आदि की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। वहीं एटीएस की टीमें सहारनपुर, अलीगढ़, मेरठ समेत संवेदनशील जिलों में आतंकी संगठनों के स्लीपिंग माड्यूल्स की टोह लेने में जुटी हैं।