शासन ने संयुक्त निदेशक ग्रेड के 57 चिकित्साधिकारियों का बुधवार को तबादला कर दिया। वहीं तीन चिकित्साधिकारियों के तबादलों को संशोधित किया गया है। 25 चिकित्साधिकारियों को एसीएमओ बनाया गया हैं, इसमें पांच डिप्टी सीएमओ को प्रोन्नति दी गई है। वहीं 20 वरिष्ठ परामर्शदाता एसीएमओ बनाकर अस्पतालों से जिलों में भेजे गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार डिप्टी सीएमओ कानपुर नगर डॉ. राम नाथ सिंह को वहीं एसीएमओ बनाया गया है। उनको पहले इसी पद पर कासगंज भेजा गया था। बाद में संशोधित करते हुए कानपुर नगर किया गया है। डॉ. दिव्या वर्मा को एसीएमओ सहारनपुर बनाया गया है। पहले उन्हें इसी पद पर रामपुर भेजा गया था। सीएचसी दरौला, मेरठ के अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार को एसीएमओ मुजफ्फरनगर बनाया गया है। पहले उन्हें चित्रकूट भेजा गया था।
डिप्टी सीएमओ बलरामपुर डॉ. अतुल कुमार सिंघल को वहीं पर एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ शाहजहांपुर डॉ. लक्ष्मण सिंह को एसीएमओ सुल्तानपुर, वाराणसी के डिप्टी सीएमओ डॉ. उमा सरन को एसीएमओ आजमगढ़, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एटा डॉ. राम निवास गुप्ता को एसीएमओ कासगंज, डिप्टी सीएमओ बाराबंकी डॉ. अनुपम सिंह को एसीएमओ एटा बनाया गया है।
इसके अलावा आरएचएफडब्ल्यू ट्रेनिंग सेंटर लखनऊ के चिकित्साधिकारी डॉ. अमित सिंह को एसीएमओ कानपुर देहात और बीआरडी संयुक्त चिकित्सालय के चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. मंसूरुल हसन सिद्दीकी को एसीएमओ आंबेडकर नगर बनाया गया है।