जनगणना-2027 के दूसरे चरण में कर्मचारियों की कमी से काम प्रभावित न हो, इसके लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त कार्मिक रिजर्व में रखे जाएंगे। इन कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि एन्यूमरेशन ब्लॉकों की संख्या के अनुरूप प्रगणकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम तय समयसीमा में पूरे हो।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्यस्तरीय बैठक में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 20 अक्तूबर से पहले और प्रगणकों व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 14 नवंबर तक पूरा कर लिया जाए। विशेष प्रभारों के लिए 16 से 28 नवंबर के बीच प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कोई भी घर गणना से छूटने न पाए और काम केवल प्रशिक्षित कर्मचारियों से कराया जाए।
ये भी पढ़ें - श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस की चार टीमों ने डाला भारत-नेपाल सीमा पर डेरा, रात में मिली इस होटल की लोकेशन
ये भी पढ़ें - ओपी राजभर बोले- सपा जीत गई तो चुनाव सही और हार गई तो बेईमानी कैसे; 37 सांसदों पर उठाया सवाल
मुख्य सचिव ने स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। 15 अक्तूबर से 15 दिसंबर तक स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के स्वगणना संबंधी संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएंगे। उन्होंने विशेष एन्यूमरेशन अभियान 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित थीम के अनुसार चलाने और शीतलहर को देखते हुए आवश्यक एडवाइजरी जारी करने के निर्देश भी दिए।