अयोध्या। डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्रोन्नत किया जाएगा, जबकि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को परीक्षा देनी होगी। इसकी तैयारी में विश्वविद्यालय प्रशासन जुटा है। परीक्षा 21 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगी।
इस बार परीक्षा की समय अवधि मात्र डेढ़ घंटे होगी। परीक्षा की समय सारणी और परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने में विश्वविद्यालय प्रशासन लगा है। एक सप्ताह में विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा सारणी व परीक्षा केंद्रों के डिटेल अपलोड हो जाएगी।
पिछले तीन माह से कोरोना महामारी के चलते विवि में पठन-पाठन बिल्कुल ठप रहा। पूरी शिक्षा व्यवस्था ऑनलाइन प्रणाली पर आधारित हो गई थी। कोरोना के बढ़ते कहर के चलते विवि. तीन माह तक बंद रहा है। कोरोना संक्रमण में कमी आई तो विवि. प्रशासन वर्ष 2020-21 के परीक्षार्थियों की परीक्षा कराने की तैयारी में जुट गया है। अवध विवि. की मुख्य परीक्षा में लगभग पांच लाख विद्यार्थी हर वर्ष परीक्षा देते हैं। इससे अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, अमेठी, सुल्तानपुर के महाविद्यालय से संबद्घ हैं।
विवि. प्रशासन ने शासन के निर्देशों के क्रम में निर्णय लिया है कि अवध विवि के प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्रोन्न्त किया जाएगा जबकि अंतिम वर्ष के परीक्षार्थियों की परीक्षा होगी। यही प्रक्रिया सेमेस्टर परीक्षाओं में भी लागू होगी। अंतिम सेमेस्टर को छोड़ सभी सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रोन्नत दिया जाएगा जबकि, अंतिम सेमेस्टर के परीक्षार्थियों की परीक्षाएं संपन्न होंगी।
समस्त होने वाली परीक्षाएं कोविड प्रोटोकाल के तहत होंगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कक्ष पूरी तहर से सैनिटाइज करने व परीक्षार्थियों के लिए मास्क जरूरी होगा। साथ ही कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षा की अवधि तीन घंटे से घटाकर 1.30 घंटे कर दी गई है। परीक्षा कोर्स के अनुसार परंपरागत रूप में होगी। विवि प्रशासन परीक्षा का कार्यक्रम तैयार कर रहा है। इसी सप्ताह परीक्षा केंद्रों की सूची व परीक्षा सारिणी विवि. की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. विजेंयदु चतुर्वेदी ने बताया है कि परीक्षा 13 अगस्त को समाप्त होगी। बताया है कि एक से दो दिन में प्रोन्नत होने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी जाएगी।