पहले से टूटा था कमानी पट्टा
यूपी 33 टी 8310 नंबर की बस का कमानी पट्टा टूटने के कारण कई दिन पहले चालक उसे कार्यशाला में खड़ी कर गया था। शुक्रवार को लापरवाहों ने अनफिट बस का फिट सर्टिफिकेट जारी करके चालक मोहन सिंह को रूट पर भेज दिया। रास्ते में किसी चालक ने जब पट्टा टूटा होने की सूचना दी तो वे कार्यशाला वापस लौट गए।
केस-दो
फेल हो सकता था ब्रेक
यूपी 33 टी 0491 नंबर की बस के इंजन से ऑयल टपक रहा था। एसी यूनिट पाइप में लीकेज की समस्या थी। चालक ने दो दिसंबर को खराबी दर्ज कराई थी। फिर भी इस बस को फिट दर्शा तीन दिसंबर को रूट पर भेजने के लिए ड्यूटी स्लिप जारी कर दी। कार्यशाला में इसको लेकर हंगामा हुआ जिसके बाद इसका संचालन निरस्त हुआ। ऐसी लापरवाही से बस का ब्रेक कहीं भी फेल हो सकता था।
नरेश शर्मा
लखनऊ। बसाें के रखरखाव में लापरवाही बरतने पर लखनऊ परिक्षेत्र के सेवा प्रबंधक को हटा दिया गया, बावजूद इसके कार्यशाला के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है। ये लोग चालकों, परिचालकाें समेत सवारियोें के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। ये चंद उदाहरण बानगी भर हैं। हकीकत में अधिकतर डिपो में यही कार्यप्रणाली चल रही हैं। हैदरगढ़ डिपो की कार्यशाला से शुक्रवार को अनफिट बस को फिट होने का सर्टिफिकेट जारी कर सवारी ढोने के लिए गोरखपुर रूट पर भेज दिया गया।
सरकारी रिकार्ड में ब्रेक सही
यूपी 33 टी 0491 नंबर बस का निरीक्षण करने वाले जिम्मेदार ने फिटनेस सर्टिफिकेट के क्रमांक संख्या छह पर ब्रेक को सही तरीके से कार्य करने की रिपोर्ट भरी है। जबकि चालक ने रजिस्टर में ब्रेक के सही तरीके से काम न करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी प्रकार यूपी 33 टी 8310 नंबर की बस की टूटी कमानी को भी सही बताया गया।
नहीं हो पा रहा बसों का उचित रखरखाव
यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन लखनऊ क्षेत्र के अध्यक्ष रुपेश कुमार ने बताया कि रोडवेज की कार्यशाला में बसों का उचित रखरखाव नहीं हो रहा। स्पेयर पार्ट्स, तकनीकी कर्मियों का अभाव, आयु पूरी कर चुकी बसें सहित इसके कई कारण हैं, इसीलिए बसें रूट पर दम तोड़ रही हैं।
अनफिट बस को रूट पर भेजना लापरवाही
हैदरगढ़ डिपो की कार्यशाला से अनफिट बस को फिट किए बिना रूट पर भेजना बहुत बड़ी लापरवाही है। प्रकरण की जांच करके लापरवाहों पर कार्रवाई करेंगे।
- पीके बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ परिक्षेत्र परिवहन निगम