फूफा ने भतीजे को किया अगवा, मांगी फिरौती
लखनऊ। बीबीडी इलाके के हासेमऊ निवासी छात्र वैभव को उसके फूफा विनय तिवारी ने रंजिश के चलते साथी सुशील के साथ मिलकर फ्लैट से अगवा कर लिया। छात्र के पिता कुशीनगर के हनुमानगंज निवासी मनोज जायसवाल से फिरौती मांगी। पुलिस ने जब आरोपियों से मोबाइल पर बात की तब देर शाम छात्र को अपार्टमेंट में छोड़कर भाग निकले।
मनोज के मुताबिक बेटा वैभव एमिटी ग्रीन सिटी अपार्टमेंट में अपनी चाची के फ्लैट में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। रविवार सुबह दस बजे विनय व सुशील दोनों कार से फ्लैट पर पहुंचे। बेटे से साथ चलने को कहा। विरोध पर वैभव को पीट दिया और जबरन उसे कार में बैठाकर चले गए। दिनभर बेटे को घुमाते रहे। फिर एक सर्विस सेंटर ले गए, वहां उसे दोबारा पीटा और कार धुलवाई।
मनोज ने बताया कि आरोपियों ने उनकी पत्नी को कॉल की और फिरौती मांगी। बात न मानने पर नेपाल में बेटे की हत्या करने की धमकी दी और कॉल काट दी। पत्नी ने यह जानकारी पुलिस और उन्हें दी थी। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।