बाराबंकी के हैदरगढ़ कस्बे के एक व्यापारी के सगे भाई ने ही सोमवार को भतीजे का अपहरण करवाकर दस लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद हरकत में आयी पुलिस ने वारदात के चंद घंटों बाद ही बच्चे को सकुशल मुक्त कराते हुए चाचा समेत पांच आरोपियों को सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि पुलिस चाचा को छोड़ अभी अन्य किसी आरोपी के नाम का खुलासा नहीं कर रही है। आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
हैदरगढ़ कस्बे के रहने वाले देवेंद्र प्रताप सिंह का घर बाराबंकी मार्ग पर लिल्हौरा वार्ड में है। देवेंद्र प्रताप सिंह की कस्बे में ही एक दुकान है जिसमें वह कई तरह का व्यापार करते हैं। सोमवार की सुबह करीब 9 बजे इनका 6 वर्षीय पुत्र सचिन प्रताप सिंह घर के बाहर खेल रहा था।
तभी कुछ बदमाश उसका अपहरण कर ले गए। बच्चे के लापता होने का पता लगने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बच्चे का पता न लगने पर परिवारीजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।