सोनवा थाना क्षेत्र में बुधवार को मदरसे के लिए मिट्टी निकालने गईं चार बच्चियों की तालाब में डूबकर मौत हो गईं। इनमें से दो सगी बहनें थीं। मिट्टी निकालने के बाद नहाते समय पैर फिसलने से यह हादसा हुआ।
घटना में दो बच्चियां बाल-बाल गईं। परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से चारों बच्चियों के शव निकाले।
ग्राम बैभी अकारा के मजरा बैभी निवासिनी शकीना (10) पुत्री इब्राहिम अपनी छोटी बहन मरियम (8) के साथ बुधवार को गांव के उत्तर तरफ स्थित तालाब से मदरसे के लिए मिट्टी निकालने गईं थीं।
साथ में गांव की ही ताजरून (7) पुत्री सुबराती व ननैया (10) पुत्री सागर अली, रुकीना (8) पुत्री ननके व पुलरा (8) पुत्री मोहम्मद शरीफ भी थीं।
दो लड़कियों ने टीले से बचाई जान
सभी बच्चियां तालाब में मिट्टी निकालने के बाद नहाने चली गई। इसी बीच ताजरून का पैर फिसल जाने से वह डूबने लगी। जिसे बचाने के चक्कर में शकीना, मरियम व ननैया भी गहरे पानी में चली गई।
जहां चारों की डूबने से मौत हो गई। साथ में मौजूद रुकीना व पुलरा भी डूबने लगी। इसी बीच तालाब में मिट्टी का टीला मिल जाने से दोनों बच निकली। घर आकर रुकीना व पुलरा ने इसकी जानकारी परिवारीजनों को दिया।
जानकारी होने पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने शकीना, मरियम, ननैया व ताजरून का शव तालाब से खोज निकाला है। जिसे परिवारीजन अपने घर ले आए। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस द्वारा लाश का पंचनामा भराया गया है।
इस बारे में थानाध्यक्ष सोनवा राजितराम बताते हैं कि परिजनों द्वारा अभी पोसटमार्टम कराने से इंकार किया जा रहा है। घटना की जानकारी के बाद प्रभारी डीएम रजनीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, एसडीएम जमुनहा केपी सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सचान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया।