गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रविवार को बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बेकाबू जेसीबी ने पहले खेत से घर जा रहे किसान और फिर कार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार खड्ड में जाकर पलट गई।
विज्ञापन
हादसे में कार सवार पूर्व मंत्री एवं बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के रिश्तेदार एवं सचिवालय में क्लर्क के पद पर तैनात सलमान रईश सिद्दीकी और किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार पर सवार पांच लोग घायल हो गए।
घायलों में क्लर्क की पत्नी व अन्य परिवारीजन शामिल हैं। यह घटना उस समय हुई, जब क्लर्क अपने परिवार के साथ फतेहपुर किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहा था।
विज्ञापन
घटना की सूचना पर एएसपी के साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जेसीबी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस तरह हुआ हादसा
लखनऊ के 155-4 मौलवीगंज अमीनाबाद निवासी सलमान रईश सिद्दीकी पुत्र रईश अहमद सिद्दीकी के किसी रिश्तेदार की फतेहपुर में शादी थी। शादी समारोह में भाग लेने के लिए सुबह वह परिवार समेत कार से फतेहपुर जा रहा था।
कार पर क्लर्क की पत्नी नसरीन (35), बेटी अक्सा (7), बेटा फैजान (8), जरीना, शहनाज (45) पत्नी फिरोज आलम सवार थे। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से बांदा-बहराइच राजमार्ग के निर्माण कार्य के लिए प्लांट लगाया गया है।
सुबह कंपनी का चालक जेसीबी लेकर राजमार्ग की तरफ जा रहा था। चालक तेजी से जेसीबी चला रहा था। बींझ गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के टक्कर में जेसीबी चालक ने खेत से घर जा रहे बींझ गांव निवासी श्रीकिशन (70) को टक्कर मार दी।
इसी दौरान फतेहपुर जा रही कार को जेसीबी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि क्लर्क की कार खड्ड में जाकर पलट गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार सभी लोग घायल हो गए।
अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राममूरत यादव के साथ ही गुरुबख्शगंज, लालगंज, हरचंदपुर, खीरों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
सचिवालय क्लर्क सलमान रईश सिद्दीकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किसान श्रीकिशन ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कार क्लर्क चला रहा था।
मृतक क्लर्क के परिवार के घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सदर कोतवाल ओपी यादव भी जिला अस्पताल पहुंचे। एसओ गुरुबख्शगंज जीडी शुक्ला ने बताया कि कार सवार सलमान रईश सिद्दीकी सचिवालय में क्लर्क थे।
फतेहपुर शादी कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। कंस्ट्रक्शन कंपनी के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है, जबकि जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है।
हादसे के बाद बांदा-बहराइच राजमार्ग पर एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। बीझ गांव के हादसे के बाद जेसीबी बीचोबीच सड़क पर आ गई। इससे दोनों तरफ का आवागमन बंद रहा।
वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे मुसाफिरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में गुरुबख्शगंज पुलिस ने जेसीबी को हटवाकर आवागमन को बहाल कराया। घटना के बाद बीझ गांव के पास काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
किसान की मौत से बिलख पड़े परिवारीजन परिवारीजनों को क्या पता था कि रोज की तरह उठकर खेत जाना श्रीकिशन के लिए इतना महंगा पड़ जाएगा कि वह इस दुनिया से ही चले जाएंगे। पति की मौत से पत्नी बिंदेश्वरी के आंसू नहीं थम रहे थे। कभी जमीन पर सिर पटकने लगती तो कभी हाथ से छाती पीटने लगती।
उसका कहना था कि पति सुबह उठने के बाद खेत जाते थे। हर दिन जल्दी लौट आते थे। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा बच्चों बिंदा प्रसाद, काली प्रसाद, भवन प्रसाद, गोविंद, नीरज, बेटी सूखा, गनेसा को छोड़ गया है। किसान की मौत से परिवारीजन भी गमगीन हैं।