लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार के अमारा होटल में एक शेफ ने मामूली विवाद में दो वेटरों को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। होटल मैनेजर ने आरोपी शेफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, चिनहट में दुकान के सामने झगड़ रहे युवकों ने बीच-बचाव करने आए व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया।
गोमतीनगर विस्तार स्थित अमारा होटल के वेटर राज उर्फ रमन और आर्यन उर्फ देवानंद निवासी भगवंतनगर, थाना बिहार, उन्नाव मंगलवार दोपहर काम कर रहे थे। तभी कस्टमर की टेबल पर ऑर्डर सर्व करने को लेकर होटल के शेफ वीरेंद्र निवासी सीतापुर का दोनों वेटरों से विवाद हो गया। इस पर वीरेंद्र ने राज व आर्यन के सिर व गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। होटल के मैनेजर शैलेंद्र वर्मा ने वीरेंद्र को रोकने का प्रयास किया तो वह उन्हें धमकाते हुए भाग गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक, मैनेजर की तहरीर पर केस दर्ज कर वीरेंद्र की तलाश की जा रही है।
वहीं, चिनहट के मुलायम नगर निवासी सुरेश मांझी बुधवार रात सामान लेने सोनालाल की दुकान पर गए थे। तभी दो युवक दुकान के सामने झगड़ा करने लगे। सुरेश बीच-बचाव करने पहुंचे तो एक युवक ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। इंस्पेक्टर घनश्याम त्रिपाठी के मुताबिक, सुरेश की तहरीर पर गाजीपुर के हरिहरनगर निवासी अजय के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।