लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके में रहने वाली 15 साल की दलित किशोरी को दो दिन तक मड़ियांव के होटल में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों दुबग्गा निवासी पीयूष और पारा निवासी शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं बृहस्पतिवार को पीड़िता का मेडिकल कराया गया। अभी मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी पारा निवासी विमल की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जांच में पता चला है कि घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी विमल की है। जमीन बेचकर मिले रुपये से उसने गाड़ी खरीदी थी। पुलिस को छानबीन में पता चला है कि आरोपी विमल और किशोरी के बीच लंबे से समय से फोन पर बातचीत होती थी। आरोपी विमल पहले से शादीशुदा है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि शुभम ने इंटर पास किया है और मौजूदा समय में कुछ नहीं करता है। वहीं आरोपी पीयूष हाईस्कूल फेल है और पिता के साथ दुबग्गा मंडी में गल्ले की दुकान पर उनका सहयोग करता है।