आकाश के पिता रमेश कश्यप की करीब 18 साल पहले मौत हो गई थी। मां अलका ने उसे पाला। उन्होंने मुन्नन नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी की, जिससे बेटी मेघा और बेटा शिवा हुए। मुन्नन की भी कुछ साल बाद मौत हो गई। इसके बाद अलका ने घरों में काम कर बच्चों को पाला। आकाश ने नौकरी जॉइन करने के साथ मां को काम करने से मना कर दिया। वह हर महीने घर खर्च के रुपये भेजता था। बहन की शादी में भी उसने बड़ी जिम्मेदारी निभाई। भाई शिवा की पढ़ाई का खर्च भी वही उठाता था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
दिल्ली में एक्टिंग सीखने के दौरान हुई थी दोस्ती
रूपेंद्र के परिवार में पिता ललित के अलावा मां विनोद कुमारी और दो बड़े भाई वीरेंद्र और रामेंद्र हैं। पिता ठेकेदारी करते हैं। उन्होंने बताया कि रूपेंद्र दिल्ली के संस्थान से एक्टिंग का कोर्स कर रहा था। आकाश भी वहीं से एक्टिंग सीख रहा था। दोनों की दोस्ती संस्थान में ही हुई थी। कुछ महीने बाद रूपेंद्र कोर्स छोड़कर लखनऊ लौट आया और पिता के कारोबार में हाथ बंटाने लगा। वह हरदोई से बीएससी तृतीय वर्ष की पढ़ाई भी कर रहा था।
बेमन से पार्टी में गया था रूपेंद्र
पिता ने बताया कि जब आकाश पार्टी के लिए रूपेंद्र को बुला रहा था तो उसका मन जाने का नहीं था। उसने मना भी किया लेकिन आकाश और उसके साथ आया दोस्त जिद कर उसे साथ ले गए। रूपेंद्र के भाई रामेंद्र ने तीन महीने पहले ही केटीएम बाइक खरीदी थी। आकाश ने उसे बाइक लेकर चलने को कहा। परिवारीजनों ने कहा कि आकाश जिद न करता तो शायद दोनों जिंदा होते।
रुपये- कागजात गायब होने का आरोप लगा जांच की मांग की
मां अलका का कहना है कि आकाश घर से कुछ रुपये लेकर निकला था। उसके पास लोन से संबंधित 25 हजार रुपये का ड्रॉफ्ट और कुछ कागजात भी थे, जो गायब हैं। उन्होंने हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। हालांकि, पुलिस ने साजिश की आशंका से इनकार किया है। पुलिस का कहना है सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जाएगी। कुछ संदिग्ध नजर आएगा तो कार्रवाई होगी।