लखनऊ। सआदतगंज व गोमतीनगर इलाके में हुए दो सड़क हादसों में प्रदीप शुक्ला (32) और अरविंद रावत (21) की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज बृजेश यादव के मुताबिक, राजाजीपुरम एफ ब्लॉक सेक्टर-11 निवासी प्रदीप शुक्ला डेल कंपनी में कार्य करते थे। रविवार को वह बाइक से अपने घर से ऑफिस के लिए निकले थे। कैंपवैल रोड एकता नगर बालागंज के पास बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी आदित्या और एक बेटी है। ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर पुलिस केस दर्ज कर चालक की तलाश कर रही है।
उधर, प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, डिगडिगा गांव निवासी सुनीता देवी ने सूचना दी है कि उनका बेटा अरविंद बाइक से जा रहा था। अंबेडकर पार्क के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। केस दर्ज कर पुलिस कार की तलाश कर रही है।