हरदोई राजमार्ग पर मलिहाबाद में चांदपुर गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार गड्ढे में जाकर बेकाबू हो गई। इसके बाद यह डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस कर रहे तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान अयान अहमद खान (22) निवासी बदायूं वाली मस्जिद, शाहाबाद गेट, जिला रामपुर, अमान अंसारी (22) निवासी ग्राम अजीतपुर, थाना सिविल लाइंस, जिला रामपुर और अशरफ (23) निवासी 801 एल्डिको गार्डन, रायपुरवा, थाना अनवरगंज, कानपुर के रूप में हुई है। घायल छात्र सैयद ताहा रिजवी कल्याणपुर वेस्ट, विवेक आनंदपुर, रिंग रोड, थाना गुडंबा का रहने वाला है। इंस्पेक्टर ने बताया कि एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे चारों छात्र रामपुर से लखनऊ लौट रहे थे।
परिवार में मच गया कोहराम
हादसे की सूचना पर छात्रों के परिवार में कोहराम मच गया। अशरफ के पिता अनीस अंसारी डॉक्टर और मां अर्शी गृहिणी हैं। उसका एक भाई अरहम व बहन उरूज है। वहीं, अमान के पिता मो. हनीफ पॉल्ट्री फॉर्म चलाते हैं और मां फिरोजा गृहिणी हैं। उसका छोटा भाई अरमान है। वहीं, अयान के पिता तौफीक ग्रामीण अभियंत्रण सेवा में इंजीनियर थे। मां बुशरा व बहन सिदरा है। मृत छात्रों के परिवारीजन सोमवार सुबह रोते-बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
...तो न होते हादसे का शिकार
पुलिस की छानबीन में पता चला कि अयान के पिता तौफीक का पिछले साल कोराना से निधन हो गया था। इस पर वह घर रामपुर चला गया था। मंगलवार रात उसने ट्रेन का रिजर्वेशन भी करवा लिया था, लेकिन इस बीच ताहा ने उसे कार से रामपुर लेने जाने का प्लान बना लिया। वह लखनऊ से अमान को लेकर पहले कानपुर गया और वहां से अशरफ को लेकर रामपुर गया। यहां से अयान को लेने के बाद रविवार रात चारों लखनऊ आ रहे थे कि हादसा हो गया। अब सब यही कह रहे हैं कि अयान ट्रेन से ही आता और तीनों उसे कार से लेने रामपुर न जाते तो यह दिन न देखना पड़ता।
काकोरी के अंधे चौकी के पास स्थित निजी अस्पताल के पास मोटरसाइकिल में एक डम्फर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे साथी की हालत गंभीर बनी हुई है।