लखनऊ। देशभर के उद्यमियों और व्यापारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के लिए स्वदेशी व्यापारी जुटान की अखिल भारतीय पदाधिकारी बैठक 16 और 17 मई को होगी। ऐशबाग रोड स्थित होटल स्काई हाई में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक में 22 राज्यों के व्यापारी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यह जानकारी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी जुटान के अखिल भारतीय सह प्रमुख संदीप बंसल ने दी।
उन्होंने बताया कि बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, सह संगठक सतीश कुमार, व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालकृष्ण भरतिया तथा स्वदेशी व्यापारी जुटान के सह प्रमुख मनोहर लाल समेत कई प्रमुख पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे।
बैठक में आत्मनिर्भर भारत, ऑनलाइन व्यापार से छोटे कारोबारियों की सुरक्षा, इंस्पेक्टर राज, अंग्रेजों के समय के कानून, आवासीय परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन, बाट-माप सैंपलिंग व्यवस्था तथा व्यापारियों को निर्यात बढ़ाने के अवसर जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही व्यापारियों के सम्मान और हितों को मजबूत करने पर भी मंथन किया जाएगा।
बैठक की तैयारियों को लेकर संगठन की कोर कमेटी की बुधवार दारुल सफा स्थित कार्यालय पर बैठक भी की गई। इसमें अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल लखनऊ महानगर के अध्यक्ष सुरेश छबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, संगठन मंत्री सुनीत साहू और सोशल मीडिया प्रभारी संजय निधि अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।