लखनऊ में विभूतिखंड के शहीद पथ पर शनिवार देर रात को ट्रक व डंपर के बीच टक्कर हो गई। जिसमें डंपर सवार चचेरे भाई यशवीर और अंकित जिंदा जल गये। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं डंपर के नंबर के आधार मालिक की तलाश की। मालिक को सूचना दी। उनसे चालक व क्लीनर के बारे में जानकारी हासिल कर परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। रविवार सुबह शव की शिनाख्त परिजनों ने किया। जिसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड डॉ. आशीष मिश्रा के मुताबिक डंपर में अंबेडकर नगर के जलालपुर निवासी अंकित यादव उसका चचेरा भाई यशवीर यादव मौजूद थे। शनिवार देर रात को डंपर सामने जा रही ट्रक में जा घुसी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं आग लग गई। जिसमें दोनों चचेरे भाई फंस गये। दोनाें ने बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक अंकित और यशवीर झांसी से मौरंग लेकर बहराइच जा रहे थे।
शहीद पथ समिट बिल्डिंग के करीब पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक में डंपर पीछे से टकरा गया था। जिसके कारण हादसा हुआ है। झांसी निवासी शोभित यादव डंपर चलवाते हैं। उनके मुताबिक शनिवार को अंकित और यशवीर बहराइच के लिए निकले थे। देर रात उन्हें विभूतिखंड पुलिस ने फोन कर हादसे की सूचना दी थी। जिसके बाद शोभित ने गाड़ी की लोकेशन चेक करने के लिए जीपीएस एप खोली थी। लेकिन उन्हें डंपर की लोकेशन नहीं मिली थी। पुलिस ने दो लोगों के जिंदा जलने की बात भी कही थी। शोभित के मुताबिक उनके रिश्तेदार भी ट्रांसपोर्ट चलाते हैं। जिनके यहां अंकित के परिचित काम करते हैं। उनके जरिए से ही अंकित और यशवीर के परिवार को हादसे की सूचना दी गई थी।