चिनहट के कठौता झील में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से विवाद के बाद अविनाश यादव (26) घर से निकला और खुदकुशी के इरादे से कठौता झील में छलांग लगा दी़।
छोटा भाई तेज कुमार उर्फ तेजू (24) उसे बचाने के लिए कूदा। गहरे पानी में जाने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला।
प्रभारी निरीक्षक क्षितिज त्रिपाठी के मुताबिक, विभूति खंड थाना क्षेत्र के विराज खंड-5 तखवा में जगन्नाथ यादव के परिवार में पत्नी के अलावा छह बेटे ओमकार, छोटू, निरंजन, अविनाश व तेज कुमार तेजू हैं।
अविनाश की शादी गाजीपुर के हरिहर नगर की नीलम यादव से जून 2015 में हुई थी। दोनों में बनती नहीं है। दो साल मायके में रहने के बाद कुछ दिन पहले ही नीलम आई थी।