डीआरएम से शिकायत हुई, जांच की मांग की गई
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। ट्रेनों में टीटीई की मनमानी बढ़ती जा रही है। चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट में टीटीई ने यात्री को पीट दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वहीं ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस में टीटीई ने बुजुर्गों से बदसलूकी की, जिसकी शिकायत डीआरएम से की गई है।
मामला गाड़ी संख्या 12232 चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट का है। चंडीगढ़ से लखनऊ आ रहे पैसेंजर कृष्णा चतुर्वेदी ने बताया कि थर्ड एसी इकोनॉमी क्लास एम-1 में टीटीई ने एक यात्री की पिटाई कर दी। दोनों के बीच टिकट को लेकर कुछ विवाद हुआ था। उन्होंने मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया है। जिसके बाद मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि वीडियो में टीटीई द्वारा यात्री की पिटाई नजर नहीं आ रही है। लेकिन यात्रियों का कहना है कि टीटीई ने पैसेंजर को पीटा है। इसी क्रम में निशांत ने शिकायत दर्ज कराई कि गाड़ी संख्या 11123 ग्वालियर बरौनी मेल में उनके दादा-दादी यात्रा कर रहे थे। उनकी उम्र 75 वर्ष के आसपास की है। उनका पीएनआर 2338671142 था। खलीलाबाद स्टेशन के पास टीटीई ने उनसे बदसलूकी की। ऐसे में डीआरएम से टीटीई के खिलाफ जांच की मांग की गई है।