120 करोड़ रुपए के नमक की आपूर्ति का ठेका दिलाने के नाम पर अहमदाबाद के व्यापारी नीलम नरेंद्र भाई पटेल को ठगने वाले जालसाज आशीष राय उर्फ एनके कनौजिया उर्फ ने ऐसा जाल बुना कि व्यापारी फंसता ही चला गया। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक कई बार मीटिंग की। सब कुछ तय हो जाने के बाद व्यापारी को विधानसभा ले गए, ताकि शक की गुंजाइश न रहे।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह विधानसभा पहुंचा तो उसे गेट नंबर 7 के पास बुलाया गया। गेट नंबर 7 के पास बाहर ही कुछ देर तक उससे बातचीत की गई। इसके बाद विधानसभा के अंदर एक केबिन में ले जाया गया। वहां दरवाजे और मेज पर ज्वाइंट सेक्रेटरी एनके कनौजिया का बोर्ड लगा हुआ था।
ठगों ने व्यापारी से बताया कि ये खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी हैं। इन्हीं के माध्यम से ठेका मिलेगा। केबिन में काफी देर तक बातचीत की गई और कुछ रुपये मांगे गए। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने बताया कि व्यापारी नरेंद्र की शिकायत पर एसटीएफ के एसपी विशाल विक्रम ने जांच की। जांच में मामला सही पाए जाने पर हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें आरोपी आशीष राय पहले ही पशुधन घोटाले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।