लखनऊ। कैसरबाग इलाके में रहने वाली युवती को शोहदा दो साल से परेशान कर रहा है। आजिज आकर पीड़िता के घरवालों ने उसे पढ़ने के लिए विदेश भेज दिया। इससे चिढ़कर आरोपी युवक व उसके साथी युवती की मां को ब्लैकमेल कर रुपये मांगने लगे। न देने पर बदनाम करने की धमकी दी। हिम्मत जुटाकर पीड़िता की मां ने कैसरबाग थाने में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
चौक निवासी महिला मौजूदा समय में कैसरबाग इलाके में रह रही हैं। उनकी बेटी दो साल पहले तक शहर के प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ती थी। कैसरबाग निवासी साद नाम का शोहदा उनकी बेटी को कॉलेज आते-जाते परेशान करता था। तंग आकर उन्होंने बेटी को आगे की पढ़ाई के लिए विदेश भेज दिया। आरोपी के पास उनकी बेटी से संपर्क करने का कोई रास्ता नहीं बचा। इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम के एक ग्रुप पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। अनजान लोगों से कॉल व मैसेज कराकर बेटी को बदनाम करने की धमकी देकर रुपये मांगने लगा।
युवती की मां के अनुसार, इस बीच हसन नकवी नाम के युवक ने उनको फोन किया। उसने रुपयों की मांग पूरी न होने पर बेटी की तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। बात करने पर हसन नकवी ने बताया कि साद व सबीर ने रुपये मांगने के लिए कहा था।
दो साल से झेल रही थीं प्रताड़ना
दो साल से प्रताड़ना झेल रहीं युवती की मां ने 12 दिसंबर को साद, हसन नकवी और सबीर के खिलाफ कैसरबाग थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।